बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र में एक किशोर की एनिकट के पानी में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हादसे पर गहरा संदेह जताते हुए साथ गए दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि वारदात के बाद से ही आरोपी दोस्त और उनके परिवार वाले घर छोड़कर फरार हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दोपहर में दोस्तों के साथ नहाने गया था साहिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंदपुरी निवासी कनु पुत्र नाथू ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र साहिल 18 मई की दोपहर करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच गांव के ही अपने दो दोस्तों राज और कुन्दन के साथ आनंदपुरी स्थित नाले के एनिकट पर नहाने गया था.
जब देर शाम तक साहिल घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की. परिजनों ने जब साथ गए लड़कों से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि नहाने के दौरान साहिल एनिकट के गहरे पानी में डूब गया था.
सुबह 4 बजे पानी में मिला शव, दोस्तों के फरार होने से बढ़ा शक
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने रातभर एनिकट के पानी में साहिल की खोजबीन की. काफी मशक्कत के बाद मंगलवार तड़के करीब 4 बजे साहिल का शव पानी के अंदर से बरामद हुआ. सूचना मिलने पर आनंदपुरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर आनंदपुरी उपजिला चिकित्सालय की मोर्चरी भिजवाया, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया.
मृतक के पिता कनु ने पुलिस को बताया कि साहिल को तैरना बिल्कुल नहीं आता था. घटना के बाद से ही साहिल के दोनों दोस्त राज और कुन्दन, अपने परिजनों समेत घर से गायब हैं. पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि साहिल को उसके दोस्तों ने ही जानबूझकर गहरे पानी में ले जाकर धक्का दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. आनंदपुरी थाना पुलिस ने पिता की रिपोर्ट के आधार पर संदिग्ध मौत का प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार दोस्तों व उनके परिजनों की तलाश में जुट गई है.

