Headlines

बांसवाड़ा: छत्तीसगढ़ के सरकारी ठेके से 7 लाख की तिजोरी उड़ाने वाले 4 शातिर चोर गिरफ्तार, रायपुर पुलिस ले गई साथ

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सरकारी शराब ठेके का शटर और तिजोरी तोड़कर ₹7 लाख की बड़ी नकदी पार करने वाले चार शातिर चोरों को बांसवाड़ा पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है. वारदात को अंजाम देकर आरोपी बांसवाड़ा में छिपकर बैठे थे. छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस बांसवाड़ा पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से चारों को दबोचकर ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है.

सरकारी ठेके में की थी कटर से नकबजनी

बांसवाड़ा कोतवाली थाना अधिकारी बुद्धाराम बिश्नोई ने बताया कि रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में स्थित गणेश साहू के एक सरकारी ठेके पर चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया था. चोरों ने दुकान में घुसकर तिजोरी को कटर से काटा और उसमें रखे ₹7 लाख कैश लेकर रफूचक्कर हो गए थे. रायपुर पुलिस ने जब मामले की तकनीकी जांच की, तो कड़ियां बांसवाड़ा जिले से जुड़ीं. इसके बाद रायपुर पुलिस की एक विशेष टीम आरोपियों की तलाश में बांसवाड़ा पहुंची.

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, घरों के पास से दबोचे

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तुरंत स्पेशल टीमें गठित कीं. पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी अपने घरों के आसपास ही फरारी काट रहे हैं और कहीं और भागने की फिराक में हैं. पुलिस ने बिना वक्त गंवाए बताए गए ठिकानों पर दबिश दी और घेराबंदी कर चारों आरोपियों को डिटेन कर लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने रायपुर में चोरी की वारदात करना कबूल कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

  1. पवन पाटीदार
  2. सुनील चरपोटा (निवासी: निचला घंटाला)
  3. रायसिंह निनामा
  4. प्रकाश मीणा

कोर्ट से मिला ट्रांजिट रिमांड, छत्तीसगढ़ रवाना

थानाधिकारी बुद्धाराम बिश्नोई के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को स्थानीय कोर्ट में पेश कर उनका ट्रांजिट रिमांड हासिल किया गया. रायपुर पुलिस की टीम कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को अपने साथ छत्तीसगढ़ लेकर रवाना हो चुकी है, जहां आमानाका थाना पुलिस इनसे चोरी की गई रकम की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *