Headlines

बांसवाड़ा: दानपुर में दुस्साहस, उदयपुर-इंदौर रोडवेज बस पर हमला, चालक-परिचालक से मारपीट; पुलिस ने दो को दबोचा

बांसवाड़ा उदयपुर से इंदौर जा रही राजस्थान रोडवेज की एक बस के स्टाफ के साथ दानपुर कस्बे में बीच रास्ते पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा मारपीट करने और लूट की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हालांकि, चालक की सूझबूझ से एक बड़ी वारदात टल गई और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.

बाइक आगे अड़ाकर रोका रास्ता, दी जान से मारने की धमकी

रोडवेज बस के कंडक्टर पंकज मीणा ने बताया कि दोपहर करीब 1:00 बजे जब उनकी बस दानपुर बस स्टैंड से आगे निकली, तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए. बदमाशों ने चलती बस के आगे अपनी बाइक अड़ाकर उसे जबरन रुकवा दिया. बस रुकते ही दोनों युवक तैश में आ गए और बस के अंदर घुसकर ड्राइवर व कंडक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. बदमाशों ने उन्हें गाड़ी से नीचे उतारने की कोशिश की और लूटपाट की नीयत से जान से मारने की धमकी भी देने लगे.

चालक की सूझबूझ: सीधे थाने के बाहर खड़ी की बस

बदमाशों के चंगुल से बचकर ड्राइवर ने हिम्मत दिखाई और बस की रफ्तार बढ़ाकर उसे सीधे दानपुर थाने के मुख्य गेट के बाहर ले जाकर रोक दिया. अचानक सवारियों से भरी रोडवेज बस को थाने के सामने रुकता देख पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। बस स्टाफ ने तुरंत पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई और मामले की जानकारी दी.

मध्य प्रदेश और स्थानीय आरोपी गिरफ्तार

दानपुर थाने के एएसआई (ASI) रमेश चंद्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता तुरंत एक्शन में आया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को मौके से ही राउंडअप (हिरासत में) कर लिया.

पकड़े गए आरोपियों की पहचान:

  1. संतोष साहू (20): पुत्र शाहू, जाति डोडियार, निवासी चंद्रगढ़, थाना आलोट (रतलाम, मध्य प्रदेश).
  2. कुबेर (23): पुत्र मोतीलाल, जाति मैड़ा, निवासी बारी, दानपुर.

पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *