बांसवाड़ा शहर के राजतालाब थाना क्षेत्र में शनिवार रात ड्यूटी पर जा रहे एक मिल कर्मचारी को अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया. बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर कर्मचारी पर चाकू से ताबड़तोड़ तीन वार किए और उसका मोबाइल व नकदी से भरा पर्स लेकर फरार हो गए. इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है.
ड्यूटी जाते समय बदमाशों ने घेरा
जानकारी के अनुसार, खांदू कॉलोनी निवासी शांतिलाल पुत्र शंकर डामोर बीएफएल मिल (BFL Mill) में कार्यरत हैं. शनिवार रात करीब 11 बजे वे पैदल ही अपनी शिफ्ट के लिए मिल जा रहे थे. जब वे इंडस्ट्रियल एरिया के पास पहुँचे, तभी अचानक मुंह पर रुमाल बांधे अज्ञात बदमाश उनके सामने आ गए बदमाशों ने उन्हें डरा-धमकाकर कीमती सामान देने को कहा.
विरोध करने पर किया जानलेवा हमला
शांतिलाल की बहन भावना ने बताया कि जब उनके भाई ने लूटपाट का विरोध किया और बदमाशों से भिड़ गए, तो बदमाशों ने उन पर चाकू निकाल लिया. बदमाशों ने शांतिलाल पर चाकू से तीन वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे मोबाइल और पर्स छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले.
राहगीरों ने पहुँचाया अस्पताल
वारदात के बाद शांतिलाल काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे. वहां से गुजर रहे मिल के अन्य कर्मचारियों की नजर जब लहूलुहान शांतिलाल पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी. शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि करीब 12 बजे उन्हें महात्मा गांधी (MG) अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लाया गया. फिलहाल उनका उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर राजतालाब थाना पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर घायल के बयान दर्ज किए हैं. इंडस्ट्रियल एरिया के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि नकाबपोश बदमाशों की पहचान की जा सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

