बांसवाड़ा कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के टांड़ी गांव में एक खूंखार कुत्ते के हमले ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. कुत्ते ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर जानलेवा हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया. घायलों में 4 माह की एक गर्भवती महिला, उसका 3 वर्षीय मासूम बेटा और बचाने आया छोटा भाई शामिल है. तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बांसवाड़ा के महात्मा गांधी (MG) अस्पताल रेफर किया गया है.
घर के बाहर बैठे मां-बेटे पर अचानक झपटा कुत्ता
जानकारी के अनुसार, टांड़ी निवासी सुनीता (25) पत्नी अनु शनिवार को अपने 3 साल के बेटे कार्तिक के साथ घर के बाहर बैठी थी. इसी दौरान एक आवारा कुत्ता वहां पहुँचा और अचानक हिंसक होकर उन पर हमला बोल दिया. कुत्ते ने मासूम कार्तिक को अपना निशाना बनाया, जिसे बचाने के लिए सुनीता आगे आई तो कुत्ते ने उसे भी बुरी तरह काटना शुरू कर दिया.
बीच-बचाव करने आए भाई को भी किया घायल
मां-बेटे की चीख-पुकार सुनकर सुनीता का भाई मांगीलाल (15) पुत्र बसु उन्हें बचाने के लिए दौड़ा. लेकिन पागल हो चुके कुत्ते ने मांगीलाल पर भी हमला कर दिया और उसके हाथ-पैर पर गहरे जख्म कर दिए. ग्रामीणों ने जब शोर सुना तो वे लाठियां लेकर मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाया.
गर्भवती महिला की स्थिति को लेकर परिजन चिंतित
परिजनों ने बताया कि सुनीता 4 माह की गर्भवती है, जिसके कारण कुत्ते के इस हमले और दी गई दवाओं के प्रभाव को लेकर परिवार बेहद डरा हुआ है. कुत्ते के काटने से तीनों के शरीर पर गहरे घाव हुए हैं. अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, तीनों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन और जरूरी उपचार दिया जा रहा है.
इस घटना के बाद से टांड़ी गांव और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष और डर देखा जा रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हिंसक हो चुके आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए उचित कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. फिलहाल, तीनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है.

