बांसवाड़ा शहर के उदयपुर रोड स्थित लियो सर्किल पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार लोडिंग ट्रेलर ने बाइक सवार भाई-बहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई हैं.
पीछे से काल बनकर आया ट्रेलर
सदर थाने के एएसआई महेंद्र कुमार के अनुसार, यह भीषण हादसा सुबह करीब 10:15 बजे हुआ. पोसिया पाड़ा निवासी तुलसीराम (60) अपनी बहन सुगंध (निवासी बूढ़ा बस्सी) के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे. जब वे लियो सर्किल से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित लोडिंग ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तुलसीराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
बहन की हालत नाजुक, उदयपुर रेफर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा होने से ट्रैफिक जाम हो गया. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुगंध को तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया है.
ड्राइवर फरार, पुलिस ने ट्रेलर किया जब्त
हादसे के तुरंत बाद आरोपी ट्रेलर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनास्थल से ट्रेलर को जब्त कर थाने खड़ा करवा दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. मृतक तुलसीराम के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

