Headlines

बांसवाड़ा: ऑपरेशन त्रिनेत्र’ का प्रहार: बिना नंबर की सेल्टोस कार से 390 लीटर अवैध शराब जब्त, गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत सज्जनगढ़ थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक किया सेल्टोस (Kia Seltos) कार को रुकवाकर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. इस कार्रवाई में पुलिस ने गुजरात के दो शातिर तस्करों को भी दबोचा है.

बांसवाड़ा मार्ग पर पुलिस की सतर्कता

बांसवाड़ा एसपी सुधीर जोशी के सुपरविजन में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए गठित पुलिस टीम सोमवार को नाकाबंदी कर रही थी. थानाधिकारी धनपत सिंह के नेतृत्व में एएसआई छगनलाल और उनकी टीम जब बांसवाड़ा की तरफ से आने वाले वाहनों की जांच कर रही थी, तभी एक बिना नंबर की सफेद रंग की किया सेल्टोस कार आती हुई दिखाई दी. कार की संदिग्ध स्थिति और बिना नंबर प्लेट के होने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया.

सीटों के नीचे और डिग्गी में भरी थी शराब

पुलिस टीम ने जब कार की गहनता से तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए. लग्जरी कार के भीतर विभिन्न नामी ब्रांडों की अंग्रेजी शराब की बोतलें ठूंस-ठूंस कर भरी गई थीं. पुलिस ने कार से कुल 390 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसे गुजरात ले जाने की योजना थी.

गुजरात निवासी दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से अवैध शराब और बिना नंबर की कार को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए तस्करों की पहचान पीनल (31) निवासी रणियार (दाहोद, गुजरात) और महेश (28) निवासी मेलणीया (दाहोद, गुजरात) के रूप में हुई है.

इनकी रही मुख्य भूमिका

थानाधिकारी धनपत सिंह के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में एएसआई छगनलाल, एएसआई हंसमुखलाल, हेड कांस्टेबल प्रकाश, मानसिंह, रमेशचंद्र और कांस्टेबल अरविन्द, सुभाष व देवेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही. पुलिस अब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब के इस अवैध जखीरे की सप्लाई किसे की जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *