उदयपुर जिले के हादसों के लिए कुख्यात गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर मंगलवार शाम एक और दर्दनाक हादसा सामने आया. हाईवे के मदारडा कट पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रहे ट्रेलर से जा भिड़ी. भिड़ंत इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रेलर में घुसी कार
जानकारी के अनुसार, राहुल (पुत्र थाणा राम जाट), निवासी नेतराड (चौहटन, बाड़मेर), अपनी कार से उदयपुर की ओर जा रहा था. मदारडा कट के पास कार की गति अत्यधिक तेज होने के कारण वह अनियंत्रित हो गई. अनियंत्रित कार डिवाइडर को लांघकर सड़क के दूसरी तरफ पहुंच गई, जहां उदयपुर की ओर से आ रहे एक भारी ट्रेलर से उसकी सीधी और जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे उतर गया.
मशक्कत के बाद शव को निकाला बाहर
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और राहुल का शरीर मलबे में बुरी तरह फंस गया. सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को क्षतिग्रस्त कार को काटकर बाहर निकाला जा सका. गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था.
पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला और गोगुंदा थाने के एएसआई भरत सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर थाने पहुंचाया है और क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया.
परिजनों के पहुंचने पर होगा पोस्टमार्टम
गोगुंदा थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों को बाड़मेर में सूचना दे दी है. पुलिस के अनुसार, बुधवार को परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है. इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और मदारडा कट जैसी जगहों पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है.

