प्रतापगढ़ जिले के चनियाखेड़ी गांव में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है. एक मकान में चोरी की नीयत से घुसे बदमाश ने विरोध करने पर मकान मालिक पर चाकू से हमला कर दिया. हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया.
पानी पीने के बहाने घर में घुसा था बदमाश
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान तेजमल (22) पुत्र राधे श्याम, निवासी रूपी मलदगढ़ (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है. जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी पानी पीने के बहाने घर में दाखिल हुआ था. घर के अंदर घुसते ही उसने चोरी का प्रयास किया. जब मकान मालिक ने उसे टोका और विरोध किया, तो आरोपी ने उन पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया. हमले के बाद घर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ा, हाथ-पैर बांधे
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जमा हो गए. भागने की कोशिश कर रहे बदमाश को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दबोच लिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के हाथ-पैर बांधकर उसे मौके पर ही बिठाए रखा. घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही.
मध्य प्रदेश का शातिर अपराधी निकला आरोपी
सूचना पर प्रतापगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया. पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी तेजमल पर मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य गंभीर मामले दर्ज हैं. वह आदतन अपराधी है और सीमावर्ती इलाकों में वारदातों को अंजाम देता है.
मध्य प्रदेश पुलिस को सौंपा
मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश की मल्हारगढ़ पुलिस भी प्रतापगढ़ थाने पहुंची. आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई के बाद प्रतापगढ़ पुलिस ने आरोपी तेजमल को अग्रिम जांच और पुराने मामलों की कार्रवाई के लिए मध्य प्रदेश पुलिस के सुपुर्द कर दिया है.

