राजस्थान स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को दाहोद रोड स्थित पुलिस लाइन में उत्साह, गौरव और नवाचार का अनूठा संगम देखने को मिला. यहाँ आयोजित भव्य सेरेमोनियल परेड में जहाँ पुलिस के जवानों ने अपने अनुशासन का प्रदर्शन किया, वहीं पुलिस परिवार और आमजन के लिए एक आधुनिक हाईटेक लाइब्रेरी की सौगात भी मिली.
एसपी ने ली परेड की सलामी
समारोह का शुभारंभ भव्य परेड के साथ हुआ, जिसकी सलामी जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने ली. जवानों के सधे हुए कदमों और अनुशासन की सराहना करते हुए एसपी जोशी ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा और मानवीय मूल्यों की रक्षा करना भी हमारा परम कर्तव्य है.
54 पुलिसकर्मियों को मिला सेवा सम्मान
विशेष सेवाओं और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए जिले के 54 पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया गया. एसपी ने इन्हें ‘उत्तम, सर्वोत्तम और अति उत्तम’ श्रेणियों में पदक व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए. इस गरिमामय अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह सहित जिले के समस्त थानाधिकारी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे.
शिक्षा को बढ़ावा: 20 लाख की लागत से बनी हाईटेक लाइब्रेरी

स्थापना दिवस पर बांसवाड़ा पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए पुलिस लाइन में आधुनिक हाईटेक लाइब्रेरी का उद्घाटन किया.
- लागत और सहयोग: एक निजी मिल के सहयोग से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण हुआ है.
- उपयोगिता: यह लाइब्रेरी पुलिसकर्मियों के बच्चों, स्वयं जवानों और आमजन के लिए अध्ययन का केंद्र बनेगी. इसे आधुनिक संसाधनों और बेहतर शिक्षण सामग्री से लैस किया गया है ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मदद मिल सके.
रस्सा-कस्सी, पौधारोपण और 100 यूनिट रक्तदान

औपचारिक समारोह के बाद मैदान पर उत्साह के रंग बिखरे। एएसपी नरपत सिंह ने बताया कि पुलिस जवानों और महिला पुलिसकर्मियों के बीच रस्सा-कस्सी की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इसके अतिरिक्त, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण किया गया और मानवीय सेवा के संकल्प के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 100 पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया.

