उदयपुर जिले के कानोड़ कस्बे में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला चिकित्साकर्मी (ANM) का शव डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर की सीढ़ियों पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. मृतका की पहचान अनीता मीणा के रूप में हुई है, जो उप स्वास्थ्य केंद्र राजपुरा में कार्यरत थीं. इस मामले में परिजनों ने कानोड़ सीएचसी के डॉक्टर सुरेंद्र बिजारणिया पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है.
सीढ़ियों पर मिला शव, गले पर चोट के निशान
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार देर रात की है। पुलिस कंट्रोल रूम को रात करीब 12:15 बजे सूचना मिली कि डॉक्टर के सरकारी आवास की सीढ़ियों पर एक महिला का शव पड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। प्राथमिक जांच में मृतका के गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की प्रबल आशंका जताई जा रही है.
परिजनों का गंभीर आरोप: “डॉक्टर ने फोन कर कहा- सुसाइड कर लिया”
मृतका के परिजनों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि डॉक्टर सुरेंद्र बिजारणिया ने उन्हें फोन किया था. डॉक्टर ने कहा कि अनीता ने सुसाइड कर लिया है और वह उसका शव लेकर उनके घर आ रहा है. जब परिजनों ने उसे शव लाने से मना किया और पुलिस को सूचना देने की बात कही, तो डॉक्टर घबरा गया और मौके से फरार हो गया. परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है.
नाकाबंदी कर आरोपी डॉक्टर को दबोचा
घटना के बाद फरार हुए डॉक्टर की तलाश में पुलिस ने जिले भर में नाकाबंदी करवाई. मंगलवाड़ पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी डॉक्टर सुरेंद्र बिजारणिया को धर दबोचा और हिरासत में ले लिया है. फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है.
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए वल्लभनगर डिप्टी राजेंद्र जैन और सीआई हुकुम सिंह की मौजूदगी में एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल और डॉक्टर के आवास से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने शव को भींडर चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है, जहाँ मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा. पुलिस फिलहाल इसे “संदिग्ध मौत” मानकर हर पहलू से जांच कर रही है.

