Headlines

बांसवाड़ा पहुंचे एडीजीपी रुपिंदर सिंघ: पुलिस जवानों ने दिया ‘गार्ड ऑफ ऑनर’, कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर अधिकारियों से किया मंथन

बांसवाड़ा: अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एडीजीपी) रुपिंदर सिंघ शुक्रवार को वार्षिक निरीक्षण के तहत बांसवाड़ा पहुंचे. पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर पुलिस के जवानों द्वारा उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सम्मान दिया गया. इसके बाद बांसवाड़ा पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर जोशी ने गुलदस्ता भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया.

अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान एडीजीपी रुपिंदर सिंह ने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के उच्च अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक ली. बैठक में वर्ष 2025-26 के आपराधिक आंकड़ों का गहन निरीक्षण किया गया और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, अपराधों की रोकथाम व सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष चर्चा की गई. एडीजीपी ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि आमजन में पुलिस के प्रति सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में डर हर हाल में कायम होना चाहिए.

सीएलजी बैठक और नुक्कड़ नाटक से संदेश

इसके बाद एडीजीपी ने टीएडी भवन में सीएलजी (Community Liaison Group) सदस्यों के साथ बैठक की. बैठक की शुरुआत में यातायात नियमों की पालना को लेकर एक प्रभावी नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. नाटक के माध्यम से जिले में बढ़ रहे सड़क हादसों और उनमें हो रही मौतों के दर्द को दर्शाते हुए जनता को जागरूक किया गया. सीएलजी बैठक के दौरान एडीजीपी ने सदस्यों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की जमीनी समस्याओं और सुझावों पर खुलकर चर्चा की. इस दौरान एसपी सुधीर जोशी, एएसपी नरपत सिंह, डिप्टी गोपीचंद मीणा सहित कई थानाधिकारी मौजूद रहे.

‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम करेगी पुलिस

मीडिया से बातचीत में एडीजीपी रुपिंदर सिंह ने कहा कि बांसवाड़ा में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कुछ समस्याएं सामने आई हैं, जिन्हें सुधारने के लिए एसपी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने साफ किया कि राजस्थान पुलिस सरकार की मंशानुरूप ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर पूरी तरह कटिबद्ध है और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *