Headlines

डूंगरपुर: “ऑपरेशन स्वच्छता” के तहत चौरासी पुलिस की बड़ी कार्रवाई; घरेलू सामान की आड़ में तस्करी की जा रही 4 लाख की अवैध शराब जब्त, झुंझुनूं का आरोपी गिरफ्तार

डूंगरपुर जिले में अवैध गतिविधियों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष “ऑपरेशन स्वच्छता” के तहत चौरासी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने स्टेट हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप गाड़ी से करीब 4 लाख रुपए मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है. तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए घरेलू सामान की आड़ ली थी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.

घरेलू सामान और कतरनों के नीचे छिपा रखे थे 15 कार्टन

चौरासी थानाधिकारी भंवरसिंह ने बताया कि अवैध शराब तस्करी की रोकथाम के लिए बैंजा चौकी के सामने स्टेट हाईवे-54 पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी. इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिलने पर एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रुकवाया गया. जब पुलिस टीम ने पिकअप की तलाशी ली, तो उसमें पुराने घरेलू सामान, कपड़ों की कतरन, सिलाई मशीनें और टूटे हुए स्टूल लोड थे. पुलिस ने जब इस सामान को हटाकर गहराई से जांच की, तो नीचे छिपाकर रखे गए अंग्रेजी शराब के 15 कार्टन बरामद हुए.

गुरुग्राम से गुजरात के सूरत जा रही थी खेप

पुलिस ने अवैध शराब और पिकअप को जब्त करते हुए मौके से चालक आकाश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी आकाश शर्मा पीपली (थाना पिलानी, जिला झुंझुनूं) का निवासी है. पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह यह शराब हरियाणा के गुरुग्राम से भरकर गुजरात के सूरत ले जा रहा था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *