Headlines

बांसवाड़ा: मदारेश्वर रोड पर बड़ी वारदात; ईद मनाने गांव गए परिवार के सूने मकान से लाखों के जेवरात और नकदी पार

बांसवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मदारेश्वर रोड स्थित गली नंबर 13 में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. वारदात उस समय हुई जब पीड़ित परिवार ईद का त्योहार मनाने अपने पैतृक गांव गया हुआ था. शुक्रवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर के दरवाजे खुले देखे, तब जाकर चोरी का पता चला.

ईद मनाने पैतृक गांव गया था परिवार

पीड़ित मोहम्मद असलम पिता दोस्त मोहम्मद ने बताया कि वह बुधवार शाम को अपने परिवार के साथ ईद का त्योहार मनाने के लिए अपने पैतृक गांव अमरगढ़ (जिला रतलाम, म.प्र.) गए हुए थे. इसी दौरान गुरुवार रात को अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाया. चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर प्रवेश कर गए. चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के कान की बालियां, नाक के कांटे, अंगूठी, चांदी की पायजेब, चांदी के सिक्के सहित करीब 20 हजार रुपए की नकदी चुरा ली और फरार हो गए.

सुबह पड़ोसियों ने देखा तो उड़े होश

शुक्रवार सुबह जब आस-पास के पड़ोसियों की नजर खुले हुए दरवाजे और टूटे ताले पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पीड़ित परिवार को दी. खबर मिलते ही दोपहर करीब 12 बजे मोहम्मद असलम का परिवार बदहवास हालत में घर पहुंचा. घर के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात व नकदी गायब थी.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

पीड़ित परिवार की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस द्वारा आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्धों की पहचान कर चोरों का सुराग लगाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *