राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति ने एनडीपीएस एक्ट के 83 विभिन्न प्रकरणों में जब्त किए गए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों का निस्तारण किया. पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद इन पदार्थों को निंबाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट फैक्ट्री में नष्ट किया गया.

भारी मात्रा में नशीले पदार्थ किए गए नष्ट
समिति द्वारा किए गए निस्तारण में करोड़ों रुपये की बाजार कीमत वाले नशीले पदार्थ शामिल थे. इनमें मुख्य रूप से 7580 किलो 520 ग्राम अवैध डोडाचूरा जलाया गया. इसके अलावा 53 किलो 313 ग्राम गांजा, 1 किलो 448 ग्राम एमडी, 156 ग्राम एमडीएमए, 816 ग्राम ब्राउन शुगर और 49 ग्राम अल्फाजोलम पाउडर को भट्टी में डालकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया.
अफीम को नीमच कारखाने भेजा जाएगा
बैठक के दौरान समिति ने लगभग 18 किलो 726 ग्राम अवैध अफीम का भी भौतिक सत्यापन किया. इस अफीम को नष्ट करने के बजाय नियमानुसार नीमच (मध्य प्रदेश) स्थित सरकारी अफीम एवं क्षारोद कारखाना में जमा कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है.
15 थानों के मामलों का हुआ निस्तारण
यह पूरी प्रक्रिया 24 अप्रैल 2026 को आयोजित समिति की बैठक के बाद संपन्न हुई. बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जौधा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. समिति ने प्रतापगढ़, धरियावद, छोटीसादड़ी, अरनोद, धमोतर, धोलापानी और हथुनिया सहित कुल 15 थानों द्वारा प्रस्तुत एनडीपीएस एक्ट के दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया.

