उदयपुर में बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा होते-होते रह गया. शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक, भूपाल नोबल्स (बीएन) कॉलेज के सामने एक तेज रफ्तार टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.
खड़ी गाड़ियों को किया क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर की रफ्तार काफी अधिक थी. नियंत्रण खोने के बाद टैंकर पलटते ही सड़क किनारे खड़ी एक कार और कई मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया. टैंकर के भारी वजन के कारण कार और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं. गनीमत यह रही कि जिस वक्त हादसा हुआ, उन वाहनों में कोई सवार नहीं था, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी.
रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से इलाके की घेराबंदी की गई और फायर ब्रिगेड ने एहतियात बरतते हुए स्थिति को संभाला. पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क पर पलटे टैंकर और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया. देर रात तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण सड़क पर लंबा जाम लगा रहा, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया.
जांच में जुटी पुलिस
राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, टैंकर चालक का संतुलन बिगड़ना हादसे का कारण माना जा रहा है. हालांकि, पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या चालक की लापरवाही के कारण.

