डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़गदा गांव में चोरों के हौसले बुलंद हैं. गांव में लगातार दूसरे दिन एक सुने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है.
पुणे रहता है परिवार, पड़ोसियों ने दी सूचना
जानकारी के अनुसार, खड़गदा निवासी मंजू लता का परिवार लंबे समय से महाराष्ट्र के पुणे में रहता है, जिसके कारण घर सूना था. चोरों ने सूनेपन का फायदा उठाते हुए घर के ताले तोड़े और अंदर प्रवेश किया. शनिवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर के दरवाजे खुले और ताले टूटे हुए देखे, तो उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ. घर के भीतर अलमारियां टूटी पड़ी थीं और सारा सामान बिखरा हुआ था. इसकी सूचना तुरंत पुणे में रह रहे परिवार और पुलिस को दी गई.
कितनी हुई चोरी, परिवार के आने पर होगा साफ
सूचना मिलने पर मंजू लता के पिता मनोहर गर्ग (निवासी सागवाड़ा) मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि अलमारियों में नकदी (कैश) और सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे, जिन्हें चोर समेट ले गए हैं. हालांकि, चोरी हुए सामान की सटीक कीमत और मात्रा का खुलासा परिवार के पुणे से खड़गदा लौटने के बाद ही हो पाएगा. प्रारंभिक तौर पर लाखों की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है.
खड़गदा गांव में महज 48 घंटों के भीतर चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात है. ग्रामीणों का कहना है कि चोर बेखौफ होकर सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं. फिलहाल, सागवाड़ा थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है.

