बांसवाड़ा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 20 और 21 मई को कुशलगढ़ क्षेत्र के चूड़ादा गांव में प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव खुद कमान संभाले हुए हैं और लगातार क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कर रहे हैं.
रात्रि विश्राम और ग्राम विकास चौपाल का आयोजन
जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री के इस दो दिवसीय दौरे के दौरान ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा. इसके लिए कुशलगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत चूड़ादा को चिन्हित किया गया है, जहां भव्य ‘ग्राम विकास चौपाल’ का आयोजन होगा. विशेष बात यह है कि मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम भी इसी गांव में रहेगा.
चौपाल के जरिए समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
कलेक्टर ने इस बड़े आयोजन के मुख्य उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा:
“इस जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य यह है कि सरकार का आमजन से सीधा कनेक्ट (संवाद) हो सके. ग्रामीणों की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा और मौके पर ही उनका उचित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा.”
प्रशासन जुटा तैयारियों में, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए चूड़ादा गांव में युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं. गांव में हेलीपैड निर्माण, बिजली, सड़क, मंच व्यवस्था और सुरक्षा के तमाम इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इसके साथ ही कार्यक्रम में आने वाले लाभार्थियों के लिए आवागमन और पेयजल की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है.
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री इस दौरान करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक ग्रामीण क्षेत्र की गलियों में मॉर्निंग वॉक भी कर सकते हैं. इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. अधिकारियों की टीम मुस्तैदी से हर व्यवस्था पर नजर रखे हुए है.

