Headlines

डूंगरपुर: बदमाशों का दुस्साहस, घर में घुसकर अधेड़ पर हमला, 500 मीटर तक घसीटा; हालत गंभीर जिला अस्पताल में इलाज जारी

डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के फला भागासिरा महुडी गांव में सोमवार रात को कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए 10 से अधिक अज्ञात बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल दिया. बदमाशों ने घर में घुसकर एक 52 वर्षीय अधेड़ के साथ बेहरमी से मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. पीड़ित का फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.

घर में घुसकर किया हमला, 500 मीटर तक घसीटा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फला भागासिरा महुडी निवासी कचरा (52) पुत्र बदा रोत सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे अपने घर पर खाना खाकर बैठा हुआ था. इसी दौरान अचानक 10 से 15 अज्ञात बदमाश लाठी-डंडों के साथ उसके घर में जबरन घुस आए. बदमाशों ने आते ही कचरा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

क्रूरता की हदें पार करते हुए बदमाश घायल अधेड़ को घर से बाहर निकाल लाए और मारते-पीटते हुए करीब 500 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गए.

परिजनों पर किया पथराव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

कचरा की चीख-पुकार सुनकर जब परिजन और आसपास के लोग उसे बचाने दौड़े, तो बदमाशों ने उन पर भी पथराव शुरू कर दिया. हालांकि, परिजनों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पत्थरों से खुद का बचाव किया. लोगों की भारी भीड़ जुटती देख बदमाश मौके से भाग छूटे.

घटना की तुरंत सूचना चौरासी थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस जवान तुरंत मौके पर पहुंचे. परिजन गंभीर रूप से घायल कचरा को निजी वाहन की मदद से जिला अस्पताल लेकर आए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उपचार जारी है.

घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्पिटल चौकी प्रभारी नारायणलाल भी वार्ड में पहुंचे और घायल व परिजनों से घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाई. इस सनसनीखेज वारदात को लेकर परिजनों ने चौरासी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *