मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित डूंगरपुर दौरे और चौरासी विधानसभा क्षेत्र के धंबोला कस्बे में 21 मई को आयोजित होने वाली ‘मुख्यमंत्री रात्रि चौपाल’ को लेकर प्रशासनिक अमला और भाजपा संगठन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. धंबोला कस्बे में कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.
धंबोला सीनियर स्कूल में सजेगी चौपाल
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा धंबोला कस्बे के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित रात्रि चौपाल में भाग लेंगे. यहाँ वे आमजन, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे.
दौरे की सबसे खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवेश की जमीनी हकीकत जानने के लिए जनजाति समाज के एक स्थानीय कार्यकर्ता के घर पर भोजन करेंगे और वहीं रात्रि विश्राम भी करेंगे.
कलक्टर-SP सहित आला अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा


मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला कलक्टर देशलदान और जिला पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष कुमार सहित भारी प्रशासनिक अमला धंबोला पहुँचा. अधिकारियों के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पटेल रणोली और अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया.
प्रशासन ने हेलीपैड निर्माण के लिए स्थान चिन्हित कर लिया है. अधिकारियों ने मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई को लेकर संबंधित विभागों को कड़े निर्देश जारी किए हैं.
लाभार्थियों से सीधा फीडबैक लेना और संवाद मुख्य उद्देश्य
इस रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति से सीधा फीडबैक लेना है.
भाजपा संगठन भी इस दौरे को लेकर बेहद सक्रिय है. भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र के लोगों के साथ सीधा आत्मीय संवाद और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करने की एक बड़ी प्रशासनिक पहल है.

