Headlines

डूंगरपुर: आसेला मोड़ पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेला मोड़ पर बीती रात दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का डूंगरपुर जिला अस्पताल में उपचार जारी है. पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया है.

पेट्रोल भरवाकर लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीजवड निवासी पुष्पेंद्र डामोर सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे अपनी बाइक से आसेला मोड़ स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गया था. पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वह पंप से बाहर निकलकर मुख्य सड़क पर आया, तभी सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गए.

एम्बुलेंस ने पहुँचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. राहगीरों की सूचना पर एम्बुलेंस सेवा के पायलट दीपक और ईएमटी जितेंद्र सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्राथमिक उपचार देते हुए चारों घायलों को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुँचाया. अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने पुष्पेंद्र डामोर को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दूसरी बाइक पर सवार तीन अन्य युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है.

परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुष्पेंद्र के परिजन और गांव के लोग अस्पताल पहुंचे. युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया. सदर थाना पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *