Headlines

डूंगरपुर: विवाहिता की संदिग्ध मौत: तीसरे दिन हुआ पोस्टमार्टम, पीहर पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, SDM करेंगे जांच

डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागरिया पचेला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला गरमाता जा रहा है. फांसी के फंदे पर लटके मिले शव के मामले में पीहर पक्ष द्वारा हत्या का शक जताए जाने के बाद, घटना के तीसरे दिन सोमवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी हो सकी. प्रशासन के निष्पक्ष जांच के भरोसे के बाद परिजन शव लेने को राजी हुए. अब इस पूरे प्रकरण की जांच सीमलवाड़ा एसडीएम द्वारा की जाएगी.

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंधवा फला हड़मतिया निवासी नर्वदा देवी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी अरुणा की शादी करीब 6 साल पहले नागरिया पचेला निवासी राकेश पुत्र अमरा के साथ हुई थी. उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से अरुणा को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था.

9 मई की सुबह करीब 5 बजे पीहर पक्ष को सूचना मिली कि अरुणा ने फांसी लगा ली है. जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि शव को फंदे से पहले ही नीचे उतार दिया गया था.

पीहर पक्ष ने जताई साजिश की आशंका

मृतका की माँ और परिजनों ने आरोप लगाया कि अरुणा के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे यह मामला आत्महत्या का न होकर साजिश या हत्या का प्रतीत होता है. इसी मांग को लेकर परिजन पिछले तीन दिनों से निष्पक्ष कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. सोमवार को चौरासी थानाधिकारी भंवर सिंह राठौड़ और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश व पारदर्शी जांच के आश्वासन के बाद गतिरोध समाप्त हुआ.

मेडिकल बोर्ड से हुआ पोस्टमार्टम

सोमवार शाम को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड के माध्यम से मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. चूंकि मामला शादी के सात साल के भीतर का है, इसलिए नियमानुसार इसकी न्यायिक जांच सीमलवाड़ा एसडीएम द्वारा की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *