
डूंगरपुर जिले के भंडारिया गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां घर के बाहर खेल रहे पांच मासूम बच्चों पर मधुमक्खियों के एक झुंड ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में डेढ़ वर्षीय मासूम सहित एक ही परिवार के पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
खेलते समय अचानक हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, शहर के समीपवर्ती भंडारिया गांव निवासी ये सभी बच्चे अपने घर से कुछ ही दूरी पर खेल रहे थे. घर के पास स्थित एक पुराने नीम के पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था. अचानक छत्ते से मधुमक्खियों का झुंड उड़ा और नीचे खेल रहे बच्चों को अपना निशाना बना लिया. बच्चे कुछ समझ पाते या वहां से भाग पाते, उससे पहले ही सैकड़ों मधुमक्खियों ने उनके सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर बुरी तरह डंक मार दिए.
परिजनों ने बचाई जान
बच्चों के अचानक चिल्लाने और रोने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को मधुमक्खियों के झुंड से छुड़ाया. हमले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने बिना समय गंवाए निजी वाहन से सभी बच्चों को जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड पहुंचाया.
एक ही परिवार के हैं पांचों मासूम
घायल बच्चों में भंडारिया निवासी लोकेश खराड़ी के चार बच्चे और उनकी एक चचेरी बहन शामिल है। घायलों की पहचान इस प्रकार है:
- जीयांशी (4 वर्ष) पुत्री लोकेश खराड़ी
- वैष्णवी (7 वर्ष)
- चांदनी (6 वर्ष)
- विहान (5 वर्ष)
- जैमिनी (1.5 वर्ष) पुत्री लोकेश खराड़ी
हालत अब स्थिर
सभी बच्चों को जिला अस्पताल के पीडियाट्रिक वार्ड (बाल रोग विभाग) में भर्ती किया गया है. अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की विशेष निगरानी में उनका उपचार चल रहा है. चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, बच्चों को प्राथमिक उपचार और जरूरी इंजेक्शन दिए गए हैं, जिसके बाद अब उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग व प्रशासन से क्षेत्र में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटवाने की मांग की है।

