डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया. तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर एक राहगीर को टक्कर मारने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस ने मृतक के पुत्र की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सामाजिक कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
चौरासी थाना हेड कांस्टेबल हजारीलाल ने बताया कि विकासनगर (फला रमैय्या) निवासी हरीश ननोमा ने थाने में रिपोर्ट दी है. रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार शाम हरीश के पिता शंकर ननोमा (50 वर्ष) अपने भतीजे राजेश ननोमा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर महुड़ी में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे.
कार्यक्रम से वापस लौटते समय, जब वे लालू ननोमा के घर के पास पहुंचे, तो चालक राजेश ने लापरवाही और तेज गति से बाइक चलाते हुए सड़क किनारे चल रहे राहगीर दिनेश ननोमा को जोरदार टक्कर मार दी.
सिर में गंभीर चोट लगने से तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक असंतुलित होकर पलट गई. हादसे में बाइक चला रहा राजेश, पीछे बैठे शंकर ननोमा और राहगीर दिनेश तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक के पीछे बैठे शंकर ननोमा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं.
स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना दी और 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुँचाया. जहाँ इलाज के दौरान घावों का ताव न झेलते हुए शंकर ननोमा की मौत हो गई. वहीं, घायल राहगीर दिनेश का अस्पताल में उपचार जारी है.
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुँची और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने मृतक के पुत्र हरीश की रिपोर्ट पर बाइक चालक राजेश ननोमा के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है.

