Headlines

डूंगरपुर: नेशनल हाईवे 927A पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, हादसे में युवक की मौत, तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

डूंगरपुर जिले के वरदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे 927A पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. हिराता गोल आम्बा के पास दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है.

सागवाड़ा से घर लौटते समय हुआ हादसा

वरदा थाना पुलिस के अनुसार, निगली करनाऊवा निवासी नवीन डामोर ने इस संबंध में मामला दर्ज करवाया है. रिपोर्ट में बताया गया कि उनका छोटा भाई वीरेंद्र डामोर (28), जो पेशे से ड्राइवर था, शुक्रवार रात अपनी बाइक से सागवाड़ा से घर लौट रहा था.

जब वह नेशनल हाईवे 927A पर गोल आम्बा (हिराता) के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वीरेंद्र सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया.

सिर और शरीर पर आईं गंभीर चोटें

हादसे में वीरेंद्र के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया. मौके पर जमा हुए ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी. घायल वीरेंद्र को तत्काल डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

शनिवार सुबह पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है. वीरेंद्र की मौत की खबर सुनते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके भविष्य पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं.

पुलिस की कार्रवाई

वरदा थाना पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस टक्कर मारने वाली बाइक की पहचान करने के लिए आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *