Headlines

डूंगरपुर: हाईवे पर काल बना ट्रॉला; अचानक ब्रेक लगाने से बाइक टकराई, दो दोस्तों की मौत, तीसरा गंभीर

डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बालदिया गांव के पास शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है. एक तेज रफ्तार ट्रॉले द्वारा अचानक ब्रेक लगा देने के कारण पीछे से आ रही बाइक उससे टकरा गई. इस दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है.

लापरवाही ने ली दो मासूम जानें

बिछीवाड़ा थाने के एएसआई शिशुपाल सिंह ने बताया कि खापरडा निवासी सतीश रोत ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है. जानकारी के अनुसार, सतीश का छोटा भाई कृष्णा (22) अपने दो दोस्तों साहिल (20) और युवराज (18) के साथ बाइक पर सवार होकर डूंगरपुर से बिछीवाड़ा की ओर जा रहा था. रात करीब 10 बजे जब वे बालदिया गांव के पास पहुंचे, तो उनके आगे चल रहे ट्रॉले के चालक ने बिना किसी संकेत (इशारे) के अचानक इमरजेंसी ब्रेक मार दिए. रफ्तार अधिक होने के कारण बाइक सवार युवक संभल नहीं पाए और बाइक सीधे ट्रॉले के पिछले हिस्से से जा टकराई.

मौके पर ही तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्णा और साहिल को संभलने तक का मौका नहीं मिला और दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, बाइक पर पीछे बैठा तीसरा दोस्त युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया. युवराज की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया है.

पुलिस की कार्रवाई जारी

रविवार को मृतकों के परिजन जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचे, जहां पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द किए. पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और अचानक ब्रेक लगाकर दुर्घटना कारित करने के मामले में ट्रॉला ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *