बांसवाड़ा जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी सरवा में शराब की एक वैध दुकान से अवैध तरीके से शराब की बड़ी खेप सप्लाई करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने शनिवार रात नाकाबंदी के दौरान एक कार से 8 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है. इस मामले में पुलिस ने अब स्थानीय आबकारी ठेकेदार के खिलाफ भी जांच तेज कर दी है.
डीएसपी की पैनी नजर ने पकड़ी चोरी
जानकारी के अनुसार, कुशलगढ़ डीएसपी महिपाल सिंह शनिवार रात करीब 8 बजे क्षेत्र के दौरे पर थे. इसी दौरान छोटी सरवा में एक शराब दुकान के बाहर खड़ी मध्य प्रदेश पासिंग नंबर की मारुति-800 कार पर उनकी नजर पड़ी. कार में एक युवक संदिग्ध रूप से शराब की पेटियां लोड कर रहा था. शक होने पर डीएसपी ने तुरंत वाहन को रुकवाकर पूछताछ की. चालक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने पर पाटन थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया.
पुलिस को देख ड्राइवर फरार, कार जब्त
सूचना मिलते ही पाटन थानाधिकारी सूरजमल खराड़ी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस को आता देख कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से कुल 8 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई. पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है.
जांच के घेरे में आबकारी ठेकेदार
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल आबकारी नियमों के उल्लंघन का है. नियमों के मुताबिक, कोई भी व्यक्ति एक बार में अधिकतम 12 लीटर अंग्रेजी शराब और 15 लीटर बीयर ही खरीद सकता है. इससे अधिक मात्रा का परिवहन अवैध की श्रेणी में आता है. ऐसे में 8 पेटी शराब एक साथ बेचना ठेकेदार की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
पुलिस की कार्रवाई जारी
थानाधिकारी सूरजमल खराड़ी ने बताया कि आबकारी ठेकेदार को भी थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब किसे और कहां सप्लाई की जा रही थी. फरार ड्राइवर की तलाश के लिए भी दबिश दी जा रही है.

