Headlines

डूंगरपुर: खेत में काम कर रही महिला पर श्वान का खूंखार हमला, चबा डाला हाथ का अंगूठा

राजस्थान के डूंगरपुर जिले के बनकोड़ा गांव में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. अपने खेत पर काम कर रही एक महिला पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया. हमला इतना हिंसक था कि कुत्ते ने महिला के हाथ का अंगूठा तक चबा डाला और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह जख्मी कर दिया.

काम के दौरान अचानक हुआ हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनकोड़ा निवासी कली पत्नी रमण तेली (जाति-तेली) शुक्रवार दोपहर करीब 2:00 बजे अपने घर के पास स्थित खेत में कृषि कार्य कर रही थीं. इसी दौरान वहां मौजूद एक कुत्ते ने अचानक उन पर हमला बोल दिया. महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही कुत्ते ने उन्हें नीचे गिरा दिया और उनके सिर व दोनों हाथों पर दांत गड़ा दिए.

अंगूठा चबाया, शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, कुत्ते का हमला इतना भीषण था कि उसने महिला के एक हाथ का अंगूठा पूरी तरह चबा लिया. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और परिजन तुरंत मौके पर दौड़े. ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख कुत्ता वहां से भाग निकला. लहूलुहान हालत में परिजनों ने तुरंत महिला को संभाला और बनकोड़ा के स्थानीय अस्पताल ले गए.

जिला अस्पताल में उपचार जारी

बनकोड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, जख्मों की गंभीरता और अंगूठे की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. फिलहाल जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में महिला का उपचार जारी है. इस घटना के बाद से गांव के किसानों और मजदूरों में आवारा श्वानों को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *