डूंगरपुर जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र के सुभाषनगर कॉलोनी में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. मॉर्निंग वॉक पर निकले डूंगरपुर एसडीएम के रिटायर्ड रीडर को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग हवा में उछलकर दूर जा गिरे. हादसे के बाद कार चालक मानवीयता भूलकर मौके से गाड़ी सहित फरार हो गया. यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है.
सुबह की सैर के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाषनगर निवासी 68 वर्षीय भारत सिंह भाटी डूंगरपुर एसडीएम रीडर के पद से सेवानिवृत्त हैं. वह आज किसी काम से या इलाज के सिलसिले में उदयपुर जाने वाले थे. सुबह जल्दी उठने के बाद वे रोजाना की तरह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. वे अपने घर से थोड़ा ही आगे बढ़े थे कि जीवन ज्योति हॉस्पिटल के सामने अचानक सामने से आई एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
उदयपुर के निजी अस्पताल में इलाज जारी
कार की टक्कर लगते ही भारत सिंह भाटी सड़क पर दूर जाकर गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. हादसे को देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को संभाला. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत उदयपुर लेकर रवाना हो गए, जहां एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में एक सफेद रंग की तेज रफ्तार कार साफ तौर पर नजर आ रही है, जो टक्कर मारकर भागती दिख रही है. पुलिस फुटेज के आधार पर कार के नंबर और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

