Headlines

बांसवाड़ा: 71 वर्षीय बुजुर्ग के घर चल रही थी अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री, भारी मात्रा में देसी बंदूकें जब्त

बांसवाड़ा जिले के भूंगड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस और डीएसबी (DSB) टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने मियांसा गांव में दबिश देकर एक 71 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है, जो अपने घर के भीतर ही अवैध रूप से देसी बंदूकें बनाने की फैक्ट्री चला रहा था. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार, अर्ध-निर्मित बंदूकें और उन्हें बनाने के उपकरण बरामद किए हैं.

मुखबिर की सूचना पर रात 9 बजे दबिश

भूंगड़ा थानाधिकारी देवीलाल खटीक ने बताया कि संध्याकालीन गश्त के दौरान डीएसबी टीम के भंवरलाल व टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि मियांसा गांव में अवैध हथियार बनाने का धंधा चल रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस और डीएसबी की संयुक्त टीम ने रात करीब 9 बजे मियांसा निवासी नाथूलाल (71) पिता मंगल पांचाल के घर पर अचानक छापा मारा.

खाट पर घायल मिला आरोपी, घर में फैला था सामान

जब पुलिस टीम आरोपी के घर के भीतर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई. आरोपी नाथूलाल कुछ दिन पहले हुए एक सड़क हादसे के कारण घायल अवस्था में खाट पर पड़ा हुआ था, लेकिन घर के भीतर हथियार बनाने का पूरा सेटअप लगा हुआ था. पुलिस ने जब तलाशी ली तो वहां से 1 तैयार देसी बंदूक, 4 नई बैरल (नाल), 1 पुरानी जंग लगी नाल, 1 अर्ध-निर्मित बंदूक और बंदूकें बनाने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में कच्चा माल और उपकरण बरामद हुए.

हार्ट पेशेंट है आरोपी, अस्पताल में कराया भर्ती

थानाधिकारी ने बताया कि करीब चार दिन पहले हुए रोड एक्सीडेंट के कारण आरोपी के सीने की पसलियों में फ्रैक्चर और पैर में गंभीर चोट थी. इसके साथ ही वह हार्ट और बीपी का भी मरीज है. हिरासत में लेने के बाद जब पुलिस उसे घाटोल स्वास्थ्य केंद्र ले गई, तो उसकी पल्स रेट (धड़कन) काफी बढ़ी हुई थी. डॉक्टरों की सलाह पर उसे प्राथमिक उपचार देकर तुरंत बांसवाड़ा के एमजी (महात्मा गांधी) अस्पताल रेफर किया गया, जहां रात करीब 12 बजे उसे भर्ती कराया गया. फिलहाल पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज

भूंगड़ा थाना पुलिस ने बरामद किए गए सभी अवैध हथियारों और निर्माण सामग्री को जब्त कर लिया है. पुलिस ने आरोपी नाथूलाल के खिलाफ आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *