Headlines

प्रतापगढ़: ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत ड्रग तस्कर पर बड़ा एक्शन, 1.04 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करों के आर्थिक साम्राज्य को ध्वस्त करने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 68एफ(1) के तहत कार्रवाई करते हुए, तस्करी की काली कमाई से जुटाई गई करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों के खिलाफ फ्रीजिंग नोटिस जारी किए हैं.

दिल्ली से मिली मंजूरी, संपत्तियों पर लगे बोर्ड

थानाधिकारी अरनोद शिवलाल (पु.नि.) द्वारा तैयार किए गए वित्तीय जांच के प्रस्ताव को भारत सरकार के नई दिल्ली स्थित अधिकृत सक्षम प्राधिकारी एवं एडमिनिस्ट्रेटर (सफेमा और एनडीपीएस एक्ट) ने हरी झंडी दे दी है. स्वीकृति मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी घनश्याम कलाल के विरुद्ध फ्रीजिंग नोटिस जारी कर संबंधित संपत्तियों पर बोर्ड लगा दिए हैं और संबंधित विभागों को इसकी लिखित सूचना दे दी है.

पलटी हुई कार से खुला था राज

यह मामला 22 दिसंबर 2023 का है, जब प्रतापगढ़ थाना पुलिस ने गांव संचई में एक पलटी हुई कार से 492.850 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया था. इस मामले में दर्ज प्रकरण (508/2023) की जांच के दौरान आरोपी घनश्याम कलाल (निवासी रिछा) की संलिप्तता सामने आई थी. इसके बाद पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया था. बता दें कि आरोपी घनश्याम पहले से ही धमोतर थाने के एक अन्य मामले में 8 वर्ष के कारावास और एक लाख रुपये के अर्थदंड की सजा काट रहा है.

काली कमाई से पत्नी के नाम खरीदा मकान

पुलिस की वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपी ने तस्करी के पैसों से अपनी पत्नी मैनाबाई चौधरी के नाम पर ग्राम रिछा में करीब 60 लाख रुपये का आलीशान मकान बनवाया था. इसके अलावा उसने अपने नाम पर ग्राम पड़ुनी में 40 लाख रुपये का फार्म हाउस और एक मारुति सुजुकी ऑल्टो कार खरीदी थी. पुलिस ने इन सभी को अवैध आय से अर्जित मानते हुए फ्रीज कर दिया है.

तस्करों को संरक्षण देने वाले भी नहीं बचेंगे: एसपी

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि मादक पदार्थ तस्करों और उन्हें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण देने वालों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा. भविष्य में भी ऐसी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *