डूंगरपुर (हथाई) केंद्र सरकार की ‘जल जीवन मिशन’ योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पानी पहुँचाना है, लेकिन डूंगरपुर जिले की ग्राम पंचायत हथाई के डोगरा फलां में यह योजना ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है. पिछले दो महीनों से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीणों का धैर्य आज जवाब दे गया और उन्होंने खाली बर्तनों के साथ पंचायत कार्यालय पर ज़ोरदार प्रदर्शन किया.

नल कनेक्शन के बाद भी प्यासा है मोहल्ला
डोगरा फलां के ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि जल जीवन मिशन के तहत उनके घरों में नल के कनेक्शन तो लगा दिए गए हैं, लेकिन पिछले 60 दिनों से इन नलों में पानी की एक बूंद भी नहीं आई है. ग्रामीण भीषण गर्मी की शुरुआत में ही पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं.
पुरानी व्यवस्था ध्वस्त, नई शुरू नहीं हुई
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नई पाइपलाइन बिछाने के दौरान ठेकेदार और संबंधित विभाग ने उनकी पुरानी पाइपलाइन को जगह-जगह से तोड़ दिया. ग्रामीणों का कहना है कि पुरानी व्यवस्था से उन्हें नियमित पानी मिल रहा था, लेकिन अब पुरानी लाइन ध्वस्त हो चुकी है और नई लाइन शो-पीस बनी हुई है. इस लापरवाही के कारण पूरा मोहल्ला जल संकट के मुहाने पर खड़ा है.
प्रशासन को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने बताया कि वे इससे पहले भी जनसुनवाई और ग्राम पंचायत स्तर पर कई बार लिखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी. ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुचारू जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे और उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे.

