Headlines

डूंगरपुर: नीट यूजी पेपर लीक, कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

डूंगरपुर नीट यूजी (NEET-UG) पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी आक्रोश के बीच आज डूंगरपुर जिला मुख्यालय पर भी विरोध की ज्वाला देखने को मिली. जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेसियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की.

विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़: विधायक घोघरा

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा का पेपर लीक होना सरकार की बड़ी नाकामी है. घोघरा ने आरोप लगाया कि, “इस घोटाले से देश के लाखों मेहनती विद्यार्थियों के सपनों और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है. हैरानी की बात यह है कि इस प्रकरण के तार कहीं न कहीं भाजपा नेताओं से जुड़े होने की बातें सामने आ रही हैं.

डबल इंजन सरकार पर साधा निशाना

विधायक ने तुलना करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाए गए थे, लेकिन वर्तमान की ‘डबल इंजन’ सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के बजाय उसे संरक्षण दे रही है, जिससे युवाओं का परीक्षा प्रणाली से भरोसा उठ रहा है.

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर शांत नहीं बैठेगी. प्रदर्शन के दौरान मांग की गई कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और इसमें संलिप्त बड़े चेहरों को बेनकाब कर जेल भेजा जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *