Headlines

बांसवाड़ा: गढ़ी में पागल कुत्ते का आतंक, 2 घंटे में 36 लोगों को काटा; मासूमों और बुजुर्गों को बनाया निशाना

बांसवाड़ा जिले के गढ़ी क्षेत्र के मोरड़ी गांव में बुधवार सुबह एक पागल कुत्ते ने जबरदस्त उत्पात मचाते हुए खौफ पैदा कर दिया. महज दो घंटे के भीतर इस बेकाबू कुत्ते ने राह चलते बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित करीब 36 लोगों को अपना शिकार बना लिया. अचानक हुए इस हमले से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

खेलते बच्चों पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, कुत्ता इतना आक्रामक था कि उसने घर के बाहर खेल रहे मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा. घायल बच्ची मेहर के पिता महेश ने बताया कि उनकी बेटी घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी अचानक आए कुत्ते ने उस पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया. अन्य बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद गांव की गलियों में सन्नाटा पसर गया है और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं.

अस्पताल में मची चीख-पुकार, एक गंभीर रेफर

सभी घायलों को तुरंत परतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ सुबह से ही मरीजों का तांता लगा रहा. चिकित्साकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को प्राथमिक उपचार दिया और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए. घायलों में से एक व्यक्ति की स्थिति काफी गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बांसवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

प्रशासन से सुरक्षा की गुहार

इस घटना के बाद से मोरड़ी और आसपास के गढ़ी क्षेत्र में भारी दहशत है. ग्रामीणों का आरोप है कि पागल कुत्ता अब भी बेकाबू होकर क्षेत्र में घूम रहा है, जिससे और भी लोगों के हताहत होने का खतरा बना हुआ है. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नगर निकाय से मांग की है कि जल्द से जल्द रेस्क्यू टीम भेजकर कुत्ते को काबू किया जाए ताकि ग्रामीण दोबारा निडर होकर बाहर निकल सकें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *