राजस्थान के डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते भारी बवाल खड़ा हो गया है. एक युवक द्वारा युवती को भगा ले जाने से आक्रोशित युवती के परिजनों ने लड़के के परिवार पर हमला बोल दिया और उनके दो घरों को आग के हवाले कर दिया. इस आगजनी में पीड़ित परिवार का लाखों का सामान जलकर राख हो गया है.

9 दिन पहले घर से निकला था जोड़ा
पुलिस के अनुसार, हड़मतिया फला ऊबा पाणा निवासी गौरीशंकर डेंडोर ने मामला दर्ज कराया है. उन्होंने बताया कि उनका बेटा प्रेम उर्फ पप्पू, जो लोहे के सरियों का काम करता है, बीती 4 मई को एक युवती को अपने साथ भगा ले गया था. इस घटना के बाद से ही युवती के परिजन आक्रोशित थे. उन्होंने लड़के के परिवार को अल्टीमेटम दिया था कि यदि दो दिन में लड़की वापस नहीं आई, तो वे घर जला देंगे.
आधी रात को लट्ठ और पत्थरों से हमला
पीड़ित गौरीशंकर ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे जब वह अपनी पत्नी और पोते के साथ आंगन में सो रहे थे, तभी युवती के माता-पिता और करीब 9 नामजद लोगों ने अन्य साथियों के साथ धावा बोल दिया. हमलावर हाथों में लट्ठ, पत्थर और लोहे के पाइप लेकर आए थे. जान बचाने के लिए पीड़ित परिवार को मौके से भागना पड़ा। हमलावरों ने पहले घर में जमकर तोड़फोड़ की और फिर देखते ही देखते दो घरों को आग लगा दी.
9 नामजद लोगों पर केस दर्ज, पुलिस बल तैनात
दोवड़ा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर युवती के माता-पिता सहित 9 लोगों और अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।.

