डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन संस्कार’ के तहत चौरासी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने क्षेत्र में सरेआम नंगी तलवार लहराकर आमजन में दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी बिना नंबर की स्कूटी पर घूमकर लोगों को डरा-धमका रहा था.
कस्बे में फैला रहा था दहशत
जानकारी के अनुसार, चौरासी थानाधिकारी भंवरसिंह राठौड़ को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि गैजी कस्बे में एक युवक हाथ में नंगी धारदार तलवार लेकर घूम रहा है. वह अपनी बिना नम्बरी स्कूटी पर सवार होकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है, जिससे कस्बे के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में भारी डर का माहौल बन गया था.
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोचा
सूचना मिलते ही वृताधिकारी मदनलाल (सीमलवाड़ा) के निकट सुपरवीजन में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सचिन पिता रामलाल डेण्डोर, निवासी राणा का वाटा को पकड़ लिया. पुलिस ने मौके से आरोपी के कब्जे से नंगी धारदार तलवार और बिना नंबर की स्कूटी को जब्त कर लिया है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया. न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है.

