राजस्थान के महामहिम राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के प्रस्तावित डूंगरपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. राज्यपाल 14 मई को जिले के भ्रमण पर रहेंगे, जहां वे गुरुकुल संस्थान में आयोजित एक महत्वपूर्ण समारोह में शिरकत करेंगे. इस हाई-प्रोफाइल दौरे की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने खुद मोर्चा संभाल लिया है.


कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में होंगे शामिल
महामहिम राज्यपाल डूंगरपुर के गुरुकुल संस्थान में आयोजित होने वाले जनजाति क्षेत्र के ‘कौशल विकास एवं महिला सशक्तिकरण आशीर्वाद समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे. यह कार्यक्रम जनजाति अंचल की महिलाओं और युवाओं के कौशल उन्नयन की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
कलेक्टर और एसपी ने किया निरीक्षण
तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर देशलदान एवं जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत दौरा किया. अधिकारियों ने राज्यपाल के आगमन से लेकर प्रस्थान तक के प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने कार्यक्रम स्थल, पार्किंग व्यवस्था, सेफ हाउस और स्वागत समारोह से जुड़ी समस्त तैयारियों को समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए.
कलेक्ट्रेट में हुई उच्च स्तरीय बैठक
फील्ड विजिट से पहले कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के आला अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश प्रदान किए
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश चंद्र धाकड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी हनुमान सिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी सोनू कुमार गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे. राज्यपाल के दौरे को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा और साफ-सफाई के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं.

