डूंगरपुर जिले में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत एक अनूठी पहल देखने को मिली. जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘कॉफी विद कलेक्टर’ संवाद कार्यक्रम और प्रतिभावान बालिका सम्मान समारोह में मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया. पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर की प्रतिभाओं ने हिस्सा लिया.
कलेक्टर ने सीधे संवाद कर बढ़ाया छात्राओं का हौसला

समारोह का मुख्य आकर्षण ‘कॉफी विद कलेक्टर’ सत्र रहा, जिसमें जिला कलेक्टर देशलदान ने छात्राओं के साथ अनौपचारिक चर्चा की. छात्राओं ने करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीक और भविष्य की चुनौतियों को लेकर कलेक्टर से सवाल पूछे. कलेक्टर ने बड़ी सहजता से छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान राजकीय स्कूलों और संस्कृत शिक्षा विभाग की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया. इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ हनुमान सिंह राठौड़ और एसडीएम गुर्जर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने छात्राओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत साबित कर रही हैं.
ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा
संवाद के दौरान छात्राओं ने इंटरनेट के सही उपयोग और प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी पर मार्गदर्शन मांगा. ग्रामीण क्षेत्रों से आई मेधावी छात्राओं ने इस आयोजन को अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया. उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होता रहना चाहिए, ताकि युवाओं को सही दिशा और प्रशासनिक अनुभव मिल सके.

