Headlines

डूंगरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के तहत 238 ठिकानों पर दबिश, 105 गिरफ्तार

डूंगरपुर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए डूंगरपुर पुलिस ने एक विशेष ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में एक साथ 40 पुलिस टीमों ने अपराधियों के 238 चिन्हित स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी. इस मेगा ऑपरेशन के तहत विभिन्न मामलों में कुल 105 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है.

166 पुलिसकर्मियों ने मिलकर रचा चक्रव्यूह

इस व्यापक संयुक्त कार्रवाई में जिले के 166 पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शामिल होकर वांछित एवं चालानशुदा अपराधियों की धरपकड़ की. अभियान के तहत हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 3 वांछित आरोपियों को दबोचा गया.

स्थाई वारंटी और हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ा प्रहार

पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए 4 स्थाई वारंटियों और उद्घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया. इसके अलावा, सामान्य मामलों में वांछित 9 अपराधियों को पकड़ा गया, जबकि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत 81 लोगों को हिरासत में लिया गया. अभियान के दौरान पुलिस ने 35 हिस्ट्रीशीटरों की कड़ाई से चेकिंग कर उन्हें पाबंद किया. साथ ही संपत्ति संबंधी और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में 5 चालानशुदा अपराधियों को थाने लाकर गहन पूछताछ की गई.

अवैध पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, महुआ वॉश नष्ट

कार्रवाई के दौरान कुआं थाना क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया, जिसकी सूचना आगामी कार्रवाई के लिए खनन विभाग को दी गई है. वहीं, सदर थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कड़ा प्रहार करते हुए लगभग 400 लीटर महुआ वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.

भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस प्रशासन के अनुसार, जिले में शांति व सुरक्षा का माहौल बनाए रखने, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष और ताबड़तोड़ अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *