डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार को सीमलवाड़ा-राजपुर चौराहे के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में दो बाइक सवार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में ट्रैक्टर चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
आमने-सामने की टक्कर में गई जान
जानकारी के अनुसार, पारडा दरियाटी निवासी किशन और उसका साथी प्रवीण बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे. जब वे सीमलवाड़ा राजपुर चौराहे के पास पहुँचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई.
स्थानीय लोगों ने पहुँचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए. लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाने में मदद की. हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि किशन और प्रवीण को बचाया नहीं जा सका. डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ट्रैक्टर चालक महावीर पिता जगदीश बैरवा भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही धंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिनके पहुँचने के बाद बुधवार सुबह शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

