बांसवाड़ा जिले के युवाओं को अपराध की दुनिया से दूर रखने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बांसवाड़ा पुलिस ने एक अनूठी पहल की है. पुलिस विभाग और अंबुजा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को पुलिस लाइन में एक विशेष कौशल प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस पहल का मुख्य उद्देश्य कम्युनिटी पुलिसिंग के जरिए युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर मुख्यधारा से जोड़ना है.
शिक्षा के साथ तकनीकी कौशल भी अनिवार्य: एसपी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल किताबी शिक्षा पर्याप्त नहीं है. आत्मनिर्भर बनने के लिए तकनीकी कौशल (Technical Skills) का होना अनिवार्य है. उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे पुलिस की इस मुहिम का लाभ उठाएं और खुद को रोजगार के योग्य बनाएं. कार्यशाला में डीएसपी गोपीचंद मीणा भी उपस्थित रहे और उन्होंने युवाओं का मार्गदर्शन किया.
इन क्षेत्रों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यशाला में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला. इसमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ यूथ सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र और सुरक्षा सखियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय बेरोजगार युवक-युवतियों ने प्रशिक्षण की बारीकियों को समझा.
मिलेगी स्वरोजगार और नौकरी की ट्रेनिंग
अंबुजा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कार्यशाला के दौरान विभिन्न तकनीकी कोर्स और मार्केट डिमांड के बारे में विस्तार से जानकारी दी. युवाओं को बताया गया कि कैसे छोटे-छोटे प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से वे खुद का व्यवसाय शुरू कर सकते हैं या नामी कंपनियों में सम्मानजनक नौकरी पा सकते हैं.

