बांसवाड़ा: दानपुर जिले के दानपुर कस्बे में गुरुवार सुबह एक बेकाबू कुत्ते ने जमकर उत्पात मचाया. कुत्ते के हिंसक हमले में एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सबसे हृदयविदारक स्थिति मासूम बच्ची की रही, जिसका चेहरा कुत्ते ने बुरी तरह नोच लिया. बच्ची की हालत इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों को उसके चेहरे पर 20 टांके लगाने पड़े.
आंगन में खेल रही बच्ची पर अचानक टूट पड़ा कुत्ता
जानकारी के अनुसार, कुंडल निवासी लक्ष्मण अपनी पत्नी और 5 वर्षीय बेटी काव्यांशी के साथ दानपुर कस्बे में किराए का कमरा लेकर रहते हैं. लक्ष्मण यहीं किराना की दुकान चलाते हैं. गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे काव्यांशी हमेशा की तरह घर के आंगन में खेल रही थी. तभी अचानक एक आवारा कुत्ता घर में घुस आया और मासूम पर हमला कर दिया. कुत्ते ने बच्ची के चेहरे और होंठों को बुरी तरह जख्मी कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई.
दो अन्य ग्रामीणों को भी बनाया निशाना
पागल कुत्ते का आतंक यहीं नहीं रुका. कस्बे में अपने काम से आए दो अन्य ग्रामीण भी इस हमले का शिकार हुए. बारी निवासी मांगु बाई और कलवानी निवासी प्रभुलाल पर भी कुत्ते ने अचानक हमला कर उन्हें घायल कर दिया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और किसी तरह कुत्ते को खदेड़ा.
हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
तीनों घायलों को तुरंत दानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया. मासूम काव्यांशी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि कुत्ते के हमले से बच्ची के चेहरे का मांस बाहर आ गया था. काव्यांशी के चेहरे की सर्जरी कर करीब 20 टांके लगाए गए हैं.
कस्बे में दहशत
इस घटना के बाद से दानपुर कस्बे के निवासियों में भारी दहशत और रोष व्याप्त है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि ऐसे हिंसक और आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

