बांसवाड़ा जिले के दाहोद मार्ग पर स्थित सिंटेक्स मिल थर्मल पावर प्लांट में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है. प्लांट में काम करने वाले एक अनुभवी कर्मचारी की कोयला ले जाने वाली कनवेयर बेल्ट (Conveyor Belt) की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई.इस घटना के बाद पूरे प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया और अन्य श्रमिकों में भारी आक्रोश और शोक व्याप्त है.
वॉकी-टॉकी पर निर्देश मिलते ही शुरू हुई बेल्ट
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहन के रूप में हुई है, जो पिछले 7 वर्षों से इसी प्लांट में अपनी सेवाएं दे रहा था. घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है. शिफ्ट इंचार्ज रक्षित मालोत ने बताया कि रोजाना की तरह कामकाज सुचारू रूप से चल रहा था. इसी दौरान बाहर से वॉकी-टॉकी के जरिए बेल्ट शुरू करने का निर्देश प्राप्त हुआ. जैसे ही निर्देशानुसार बेल्ट को चालू किया गया, वहां मौजूद मोहन अचानक उसकी चपेट में आ गया और बेल्ट में फंस गया.
मौके पर ही थमी सांसें
हादसा इतना भीषण था कि बेल्ट में फंसने के कारण मोहन को संभलने का मौका तक नहीं मिला. शिफ्ट इंचार्ज ने तुरंत बेल्ट रुकवाई और एम्बुलेंस व मुख्य गेट पर सूचना दी. इंचार्ज ने बताया कि जब तक वे मौके पर पहुंचे और मदद की कोशिश की गई, तब तक मोहन की सांसें थम चुकी थीं. एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया था.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या बेल्ट शुरू करने से पहले सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया था या नहीं. 7 साल के अनुभवी कर्मचारी के साथ हुए इस हादसे ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है.

