Headlines

प्रतापगढ़: ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 1.50 लाख का डोडाचूरा जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार

प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत प्रतापगढ़ पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की है टीम ने अरनोद रोड पर नाकाबंदी के दौरान 10 किलो 220 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है. पकड़े गए माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये आंकी जा रही है.

नाकाबंदी देख खेत की ओर भागा चालक

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशानुसार अवैध नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 8 अप्रैल की रात थानाधिकारी शंभुसिंह और एएनटीएफ टीम अरनोद रोड पर पुलिया के पास नाकाबंदी कर रही थी. तभी सूचना मिली कि एक बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर दो संदिग्ध युवक बोरे में नशीला पदार्थ लेकर आ रहे हैं.

पुलिस ने जब बाइक को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने बाइक रोकी और अंधेरे का फायदा उठाकर पास के खेतों की तरफ भाग निकला. पुलिस टीम ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा. हालांकि, बाइक पर पीछे बैठे युवक को टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया.

तलाशी में मिला 10 किलो डोडाचूरा

पकड़े गए युवक की पहचान ईश्वर मीणा (19), निवासी जिरावता के रूप में हुई है. जब बाइक पर रखे पीले रंग के कट्टे की तलाशी ली गई, तो उसमें 10 किलो 220 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ. पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है.

फरार आरोपी की तलाश जारी

प्रतापगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी ईश्वर मीणा के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है. साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह अवैध खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *