प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में ऐराव नदी में डूबने से एक 51 वर्षीय व्यक्ति की मौत का समाचार सामने आया है. मृतक घर से नदी में स्नान करने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। दो दिनों की तलाश के बाद उसका शव नदी के एनीकट क्षेत्र में तैरता हुआ मिला. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है.
नहाने गया था, फिर नहीं लौटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरपुर निवासी कन्हैयालाल मीणा (51) बीते 18 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे परिजनों से ऐराव नदी में नहाने जाने की बात कहकर घर से निकला था. जब काफी देर होने के बाद भी वह वापस नहीं आया, तो परिजनों को चिंता हुई. परिवार के सदस्यों ने रातभर उसे आसपास के इलाकों और अपनी रिश्तेदारियों में तलाश किया, लेकिन कन्हैयालाल का कहीं कोई सुराग नहीं लगा.
एनीकट में तैरता मिला शव
लापता होने के अगले दिन, यानी 19 अप्रैल की शाम को ग्रामीणों ने ऐराव नदी के एनीकट क्षेत्र में एक शव पानी में तैरता हुआ देखा. शिनाख्त करने पर वह कन्हैयालाल मीणा का ही शव निकला. घटना की सूचना मिलते ही सुहागपुरा थाने के एएसआई भंवरलाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया गया और उसी रात जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया.
परिजनों ने जताई पैर फिसलने की आशंका
परिजनों ने बताया कि कन्हैयालाल को तैरना नहीं आता था. अंदेशा जताया जा रहा है कि नदी में स्नान करने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया होगा और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे डूबने के कारण उसकी मृत्यु हो गई. मृतक के परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं. मृतक का बड़ा बेटा जोधपुर में मजदूरी करता है, उसके आने के इंतजार में मंगलवार 21 अप्रैल को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई.
पुलिस की कार्रवाई जारी
सुहागपुरा थाना पुलिस ने मन्नालाल मीणा (मृतक के भाई) की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है. इस घटना के बाद से ही वीरपुर गांव में शोक की लहर है.

