डूंगरपुर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोघरा के नेतृत्व में आयोजित की गई। ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत बुलाई गई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए रणनीति तैयार करना था. बैठक में जिले के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
बूथ स्तर पर संगठन मजबूती का लक्ष्य
विधायक गणेश घोघरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड में कम से कम 22 नए सक्रिय सदस्य जोड़े जाएं. साथ ही, उन्होंने आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सभी कांग्रेसियों को एकजुट होकर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया, ताकि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचे.
BJP और BAP पर बरसे घोघरा
अपने संबोधन के दौरान गणेश घोघरा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) दोनों को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि, “न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘2047 विकसित भारत’ का सपना पूरा होगा और न ही BAP का ‘भील प्रदेश’ का सपना. ये दोनों पार्टियां केवल भोली-भाली जनता को गुमराह कर रही हैं.”
सांसद राजकुमार रोत पर लगाए गंभीर आरोप
घोघरा ने सांसद राजकुमार रोत और BAP की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए एक सनसनीखेज दावा किया. उन्होंने आरोप लगाया कि BAP और BJP एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और इनके बीच अंदरूनी साठगांठ है. घोघरा ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में आदिवासियों के एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजकुमार रोत के लिए विशेष विमान भेजा था. उन्होंने कहा कि यह घटना साबित करती है कि विपक्षी दल पर्दे के पीछे मिलकर राजनीति कर रहे हैं.
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, पूर्व जिलाध्यक्ष वल्लभ राम पाटीदार सहित जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे भाजपा और बाप (BAP) के भ्रमजाल को तोड़कर कांग्रेस को जिले में पुनः नंबर-1 शक्ति के रूप में स्थापित करेंगे.

