उदयपुर शहर के भुवाणा चौराहे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को बेरहमी से कुचल दिया. हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर मारने के बाद भी ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और घायल को करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया. इस भीषण दुर्घटना में व्यक्ति के दोनों पैर बुरी तरह चकनाचूर हो गए हैं. वारदात के बाद आरोपी चालक ट्रक को बीच सड़क पर ही खड़ा कर, चाबी निकालकर मौके से फरार हो गया.
बीच चौराहे पर मची अफरा-तफरी, घसीटता ले गया ट्रक
जानकारी के अनुसार, यह हादसा भुवाणा से सुखेर जाने वाले मुख्य चौराहे पर हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक व्यक्ति सामान्य रूप से रोड क्रॉस कर रहा था, तभी अचानक सामने से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. ट्रक की चपेट में आते ही व्यक्ति के दोनों पैर टायरों के नीचे फंस गए. चीख-पुकार सुनकर जब आस-पास के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया, तब जाकर चालक ने ट्रक रोका. लेकिन चालक ने घायल की मदद करने के बजाय इंसानियत को शर्मसार किया और ट्रक की चाबी निकालकर भाग निकला.
हालत बेहद नाजुक, दर्द से तड़पता रहा घायल
हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप गई. घायल व्यक्ति सड़क पर लहूलुहान हालत में दर्द से तड़प रहा था. स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक खून बह जाने और पैर पूरी तरह डैमेज होने के कारण घायल की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है.
पुलिस जांच में जुटी
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में भारी आक्रोश देखने को मिला. लोगों ने भुवाणा चौराहे पर आए दिन होने वाले हादसों और शहर में बेखौफ दौड़ते तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही पर गहरा रोष जताया है. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस चौराहे पर यातायात व्यवस्था सुधारने और भारी वाहनों की गति पर लगाम लगाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है.

