डूंगरपुर: गामड़ी अहाड़ा थाना मेवाड़ा मुख्य मार्ग स्थित बाजार में शुक्रवार देर रात चोरों ने एक सूनी दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने यहां एक ज्वेलर्स की दुकान से करीब एक किलो चांदी के आभूषण और ड्रॉवर में रखी नकदी पार कर ली. हालांकि, दुकान में रखा मुख्य सेफ (तिजोरी) सुरक्षित रहने के कारण एक बड़ा नुकसान होने से टल गया. पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब बदमाशों की तलाश में जुट गई है.

10 मिनट में वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार, भेहना निवासी निलेश पांचाल पिछले करीब आठ महीनों से गामड़ी अहाड़ा में किराए की दुकान लेकर ‘महादेव ज्वेलर्स’ नाम से सोने-चांदी के आभूषणों का व्यवसाय और रिपेयरिंग का काम कर रहा है. शुक्रवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे अज्ञात चोरों ने दुकान के ताले तोड़े और शटर उठाकर अंदर घुस गए. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दो चोर दुकान के भीतर दाखिल हुए और शोकेस में रिपेयरिंग के लिए रखे करीब 1 किलो चांदी के विभिन्न आभूषण और गल्ले (ड्रॉवर) में रखी 2 से 3 हजार रुपए की नकदी समेट ली. चोर महज 10 मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम देकर मौके से रफूचक्कर हो गए.
सुबह चला घटना का पता, जांच में जुटी पुलिस
घटना की भनक सुबह करीब पांच बजे दुकान मालिक दशरथ सिंह और मनमोहन सिंह सिसोदिया को लगी. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पीड़ित व्यवसायी निलेश पांचाल को दी. सूचना मिलते ही रामसागड़ा थानाधिकारी कैलाश पंचारिया और हेड कांस्टेबल नारायणलाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया.
“CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस की एक्सपर्ट टीम को तत्काल बदमाशों की धरपकड़ के लिए एक्टिव कर दिया गया है. जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”

