Headlines

उदयपुर: बोहरवाड़ी में गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग, नगर निगम की फायर टीम ने जान पर खेल टाला बड़ा हादसा

उदयपुर शहर के व्यस्ततम बोहरवाड़ी क्षेत्र में शनिवार को एक मकान में गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई. सूचना मिलते ही नगर निगम की अग्निशमन टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित और साहसिक कार्रवाई करते हुए एक भयानक हादसे को टाल दिया. दमकलकर्मियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए आग की लपटों के बीच से तीन अन्य भरे हुए सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा विस्फोट होने से रुक गया.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि 70, डीआर जाकिर हुसैन मार्ग (बोहरवाड़ी) निवासी सरफराज हुसैन के मकान में गैस टंकी ने आग पकड़ ली है और लपटें तेजी से फैल रही हैं. गंभीरता को देखते हुए दमकल वाहन के चालक कैलाश राम, अग्निशमन कर्मी मोहम्मद मुआज़ और राकेश कुमावत तुरंत आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे.

जान पर खेलकर बाहर निकाले 3 सिलेंडर

घटनास्थल पर पहुंचते ही टीम ने देखा कि जिस सिलेंडर में आग लगी थी, ठीक उसी के पास तीन और रसोई गैस सिलेंडर रखे हुए थे. अगर आग उन तक पहुंच जाती, तो सिलसिलेवार धमाके हो सकते थे, जिससे पूरा इलाका दहल जाता. दमकलकर्मियों ने अदम्य साहस दिखाते हुए तुरंत उन तीनों सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर मुस्तैदी से जलती हुई गैस टंकी की आग पर पूरी तरह काबू पाया. स्थानीय निवासियों ने निगम टीम के इस साहसिक कार्य की जमकर तारीफ की.

निगम आयुक्त ने थपथपाई पीठ

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी और उनकी टीम की कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी को सराहा. उन्होंने कहा कि टीम की सूझबूझ से शहर में एक बड़ी जनहानि और दुर्घटना टल गई. आयुक्त खन्ना ने समय पर सूचना देने वाले जागरूक परिवार का भी आभार व्यक्त किया और आमजन से अपील की कि वे गैस सिलेंडरों का उपयोग पूरी सावधानी से करें और आपात स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *