Headlines

उदयपुर: कालका माता रोड पर ऑटो ने मासूम को मारी जोरदार टक्कर, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कालका माता रोड पर एक तेज रफ्तार ऑटो चालक की लापरवाही ने एक मासूम बच्चे की जान जोखिम में डाल दी. ट्यूशन से घर लौट रहे साइकिल सवार बच्चे को ऑटो ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह उछलकर सड़क पर जा गिरा. गनीमत रही कि बच्चा ऑटो के पहियों के नीचे नहीं आया, वरना कोई बड़ा अनर्थ हो सकता था. इस पूरी घटना का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

अचानक टर्न लेते ही हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बच्चा अपनी ट्यूशन क्लास खत्म कर साइकिल से घर की ओर जा रहा था. वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सामने से आ रहे एक ऑटो चालक ने अचानक बिना किसी संकेत के तेज रफ्तार में टर्न लिया. इस दौरान ऑटो चालक खुद भी अनियंत्रित होता हुआ नजर आया और उसने सीधे सामने से आ रहे साइकिल सवार बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया.

बाल-बाल बची मासूम की जान

टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार बच्चा हवा में उछलकर दूर जा गिरा. अचानक हुए इस हादसे को देख आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई. लोगों ने तुरंत बच्चे को संभाला और उसे सड़क से हटाया. प्राथमिक तौर पर बच्चा सुरक्षित बताया जा रहा है, हालांकि उसे कुछ चोटें जरूर आई हैं. सीसीटीवी में यह भी स्पष्ट दिख रहा है कि टक्कर मारने के बाद ऑटो चालक सीधे गली के अंदर घुस गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *